Pb8Live News: पंजाब के फिरोजपुर शहर से आम आदमी पार्टी (AAP) के विधायक रणबीर सिंह भुल्लर शुक्रवार को एक सड़क हादसे में बाल-बाल बच गए। हादसा उस समय हुआ, जब वह बाढ़ प्रभावित इलाकों का जायजा लेने के लिए निकले थे।
जानकारी के मुताबिक, पिंड धीराघारा गांव के पास विधायक की कार अचानक अनियंत्रित होकर खेतों में पलट गई। गनीमत रही कि इस हादसे में विधायक रणबीर सिंह भुल्लर और उनके साथ मौजूद सभी लोग सुरक्षित हैं और किसी को गंभीर चोट नहीं आई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, सामने से आ रही एक बाइक पर परिवार को बचाने के प्रयास में ड्राइवर ने गाड़ी मोड़ दी। इसी दौरान कार का संतुलन बिगड़ गया और वह सड़क से उतरकर खेतों में पलट गई। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
स्थानीय लोगों की मदद से विधायक को सुरक्षित बाहर निकाला गया। हालांकि, हादसे में मोटरसाइकिल पर सवार महिला और उसका बच्चा घायल हो गए। बताया जा रहा है कि टक्कर से बचने की कोशिश में बाइक गिर गई, जिससे दोनों को चोटें आईं। फिलहाल घायलों का इलाज कराया जा रहा है और विधायक भुल्लर पूरी तरह सुरक्षित हैं।





