फाजिल्का: सीआईए-2 पुलिस ने पाकिस्तान से अवैध हथियारों की तस्करी के एक मामले में कार्रवाई करते हुए फाजिल्का के लाधुका इलाके में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों के पास से 5 पिस्टल और एक भरी हुई मैगजीन समेत कुल 5 मैगजीन बरामद हुई हैं।
गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान गुरप्रीत सिंह उर्फ गौरी (निवासी गांव टाहलीवाला बोदला) और सुरिंदर सिंह (निवासी ढाणी काहना राम) के रूप में हुई है। थाना सदर फाजिल्का में आर्म्स एक्ट के तहत उनके खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। आरोपियों को अदालत में पेश करके पूछताछ के लिए पुलिस रिमांड मांगी जाएगी।
इस मामले की जानकारी पंजाब के डीजीपी गौरव यादव ने बताया कि यह हथियार पाकिस्तान से एक विदेशी नेटवर्क के जरिए मंगवाए गए थे और पंजाब के आपराधिक गिरोहों तक पहुंचाने की तैयारी थी।
जांच के दौरान यह भी पता चला है कि दोनों आरोपी एक विदेशी हैंडलर के इशारे पर काम कर रहे थे। उनका मकसद न केवल आपराधिक गतिविधियों को अंजाम देना था, बल्कि युवाओं को अपने गिरोह से जोड़ने की प्लानिंग भी चल रही थी।





