पंजाब के लुधियाना में लाडोवाल टोल प्लाजा पर आज भारतीय किसान मजदूर यूनियन ने बड़ा विरोध शुरू कर दिया है। यूनियन के प्रधान दिलबाग सिंह गिल किसानों के काफिले के साथ टोल की तरफ बढ़े और धरना शुरू किया। किसानों ने एलान किया है कि जब तक सड़कों की हालत ठीक नहीं होती, तब तक टोल को फ्री कराया जाएगा।
दिलबाग सिंह गिल ने कहा कि गांव मंगली से लाडोवाल टोल तक सड़कों पर जगह-जगह गड्ढे हैं, जिसके कारण रोजाना वाहन चालकों को परेशानियों का सामना करना पड़ता है और हादसे भी हो रहे हैं।
किसान नेताओं का कहना है कि टोल कर्मी मोटी वसूली करते हैं, लेकिन जनता को बुनियादी सुविधाएं नहीं दी जातीं। इसी वजह से आज बड़ी संख्या में लोगों को एकत्र होने का आह्वान किया गया है।
धरने की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन अलर्ट हो गया। टोल प्लाजा पर 2-3 थानों की फोर्स के साथ अतिरिक्त पुलिस चौकियों के मुलाजिम तैनात किए गए हैं और सुरक्षा के कड़े बंदोबस्त किए गए हैं। किसानों का कहना है कि धरना शांतिपूर्वक होगा लेकिन प्रशासन को जनता की समस्याओं का हल निकालना ही पड़ेगा।





