पंजाब के बरनाला में एंटी गैंगस्टर टास्क फोर्स (AGTF) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए बंबीहा गैंग से जुड़े दो शातिर बदमाशों — संदीप सिंह और शेखर — को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से 6 पिस्टल और 19 कारतूस बरामद किए हैं।
डीजीपी गौरव यादव ने बताया कि दोनों आरोपी विदेश में बैठे अपने हैंडलर के संपर्क में थे और उनके इशारों पर राज्य में अपराधों को अंजाम दे रहे थे। शुरुआती जांच में खुलासा हुआ है कि आरोपी गिरोह के गुर्गों को हथियार सप्लाई करने की तैयारी में थे।
पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर आरोपियों के नेटवर्क की तलाश शुरू कर दी है। हाल के दिनों में पंजाब पुलिस लगातार अलर्ट मोड पर है, क्योंकि अमृतसर, जालंधर और फिरोज़पुर में हथियार बरामदगी की कई घटनाएं सामने आई हैं।





