अमृतसर से सहरसा जा रही गरीब रथ एक्सप्रेस (12204) की AC बोगी नंबर 19 में शनिवार सुबह सरहिंद स्टेशन के पास शॉर्ट सर्किट के कारण आग लग गई। बोगी में मौजूद एक यात्री ने तुरंत चेन खींचकर ट्रेन रोकी, जिससे यात्री समय रहते उतर सके। इस अफरा-तफरी में कुछ यात्रियों को चोटें आईं, एक की हालत गंभीर बताई गई है।
आग की सूचना मिलते ही रेलवे, पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीमें मौके पर पहुंचीं। करीब एक घंटे में आग पर काबू पा लिया गया, लेकिन बोगी नंबर 19 पूरी तरह जल गई, जबकि बोगी नंबर 18 को भी नुकसान पहुंचा। आग बुझाने के बाद ट्रेन को अंबाला भेजा गया, जहां नई बोगियां जोड़ी जाएंगी।
रेलवे ने पुष्टि की है कि हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई है। अंबाला मंडल के डीआरएम विनोद भाटिया ने मौके पर पहुंचकर जांच के आदेश दिए हैं। इस घटना के चलते अमृतसर शताब्दी, गुरुमुखी सुपरफास्ट, सचखंड एक्सप्रेस सहित कई ट्रेनों का संचालन प्रभावित हुआ है।





