लुधियाना जिले के समराला के मानकी गांव में देर रात चार नकाबपोश हमलावरों ने कबड्डी खिलाड़ी गुरविंदर सिंह (23) की गोली मारकर हत्या कर दी। उसके दो साथी धर्मवीर और लवप्रीत सिंह भी साथ थे। जोकि बाल-बाल बच गए।
घटना के समय तीनों युवक नगर कीर्तन से पहले रास्ते की सफाई कर रहे थे। तभी मोटरसाइकिल पर सवार चार हमलावरों ने बिना किसी कहासुनी के ताबड़तोड़ गोलियां चलाईं और फरार हो गए।
गंभीर रूप से घायल गुरविंदर और धर्मवीर को समराला सिविल अस्पताल ले जाया गया, जहां से उन्हें चंडीगढ़ पीजीआई रेफर किया गया। रास्ते में ही गुरविंदर की मौत हो गई। पुलिस ने मौके से गोलियों के खोल बरामद किए हैं और सीसीटीवी फुटेज खंगाली जा रही है।
पुलिस अधिकारीयों ने बताया कि मामला दर्ज कर लिया गया है और हमलावरों की तलाश जारी है। गुरविंदर सिंह स्थानीय मेलों और जिला स्तरीय टूर्नामेंटों में कबड्डी खेला करता था। उसकी हत्या से गांव में शोक की लहर है।





