पंजाब के गुरदासपुर के गांव गुत्थी में दिल देहला देने वाली घटना सामने आई है। घरेलू विवाद के चलते केंद्रीय जेल गुरदासपुर में निजी कंपनी के गार्ड के तौर पर तैनात गुरप्रीत सिंह ने AK-47 राइफल से अपनी पत्नी और सास की गोली मारकर हत्या कर दी। वारदात के बाद वह एक सरकारी क्वार्टर में जाकर छिप गया।
सूचना मिलते ही पुलिस टीमें मौके पर पहुंचीं और इलाके की घेराबंदी कर ली। करीब एक घंटे तक पुलिस ने आरोपी को सरेंडर कराने की कोशिश की, लेकिन उसने चेतावनी देते हुए खुद को गोली मार ली और मौके पर ही उसकी मौत हो गई। परिवार के अनुसार, 2016 में शादी के बाद से दंपति के बीच लगातार घरेलू तनाव चल रहा था।
एसएसपी आदित्य ने बताया कि आरोपी पर अपनी पत्नी से जुड़ा कोर्ट केस भी चल रहा था। गुरप्रीत जेल विभाग में तैनात था और वहीं से AK-47 लेकर भागा था। जब हमने उसे सरेंडर करने को कहा तो उसने अचानक खुद को ही गोली मार ली। इससे पहले वह अपनी पत्नी और सास को भी गोली मार चुका था.’पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है।





