लुधियाना में दर्दनाक सड़क हादसा हुआ, जहां तेज रफ्तार वरना कार डिवाइडर से टकराकर पलट गई। हादसे में कार सवार 5 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि शव क्षत-विक्षत हो गए।
मृतकों में 3 युवक और 2 नाबालिग लड़कियां शामिल हैं। जानकारी के अनुसार सभी घर से शॉपिंग करने की बात कहकर निकले थे। कार साउथ सिटी से लाडोवाल की ओर जा रही थी। ओवर-स्पीड के कारण कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकराकर सड़क पर पलट गई और काफी दूरी तक घसीटती चली गई।
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और एंबुलेंस घटनास्थल पर पहुंची और शवों को सिविल अस्पताल भेजा गया। पुलिस मृतकों के परिजनों के बयान दर्ज कर रही है। हादसे में मारी गई दो लड़कियों की जानकारी अब तक स्पष्ट नहीं हो पाई है। परिवार भी उनके बारे में कुछ नहीं बता पा रहे हैं।





