मोहाली के कुराली स्थित कुराली-चंडीगढ़ पर गुरुवार सुबह घने कोहरे के कारण दो स्कूली बसों की टक्कर हो गई। हादसे में दोनों बसों के ड्राइवरों समेत कुल पांच लोग घायल हुए, जिन्हें तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया।
जानकारी के मुताबिक हादसा जमुना अपार्टमेंट के पास हुआ। एक बस ड्राइवर की टांग में फ्रैक्चर आया है, जबकि दूसरे ड्राइवर के सिर पर छह टांके लगे हैं। हादसे में तीन बच्चे भी घायल हुए, जिनमें से दो को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई है, जबकि एक बच्चे को एहतियातन ऑब्जर्वेशन में रखा गया है। टक्कर सेंट इजरा और डीपीएस स्कूल की बसों के बीच हुई। हादसे के बाद दोनों स्कूलों का स्टाफ मौके पर पहुंचा। किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई।
उधर, पंजाब-चंडीगढ़ में घना कोहरा छाया हुआ है। मौसम विभाग के अनुसार आने वाले दिनों में भी विजिबिलिटी कम रहने की संभावना है। ठंड के बावजूद दिन-रात के तापमान में अंतर बना हुआ है—रोपड़ में अधिकतम 27.1 डिग्री और होशियारपुर में न्यूनतम 6.7 डिग्री दर्ज किया गया। कोहरे के कारण उड़ानों पर भी असर पड़ा है।





