अमृतसर के मना सिंह चौक स्थित गली चूड़ सिंह में मंगलवार देर रात एक मकान में भीषण आग लग गई। हादसे में एक बुजुर्ग और एक दिव्यांग युवती की जिंदा जलकर मौत हो गई। प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण लोहड़ी के अलाव से उड़ी चिंगारी बताया जा रहा है।
घटना के समय घर में पांच लोग मौजूद थे। पड़ोसियों और स्थानीय लोगों की मदद से तीन लोगों को बाहर निकाल लिया गया, जिनमें से एक की हालत गंभीर बताई जा रही है। मकान में बड़ी मात्रा में ज्वलनशील कपड़े और रुमाला साहिब का सामान रखा होने के कारण आग कुछ ही सेकेंड में फैल गई।
फायर ब्रिगेड को गली तंग होने के कारण करीब 100 मीटर दूर गाड़ियां खड़ी करनी पड़ी। थाना बी-डिवीजन के एसएचओ बलविंदर सिंह ने दो मौतों की पुष्टि की है।





