तरनतारन में सत्ताधारी आम आदमी पार्टी (AAP) के सरपंच हरबिंदर सिंह की बुधवार को एक शादी समारोह के दौरान गोली मारकर हत्या कर दी गई। घटना सिद्धू फार्म में उस समय हुई जब वह अपने चचेरे भाई की शादी में स्टेज पर दोस्तों के साथ डांस कर रहे थे।
बताया जा रहा है कि भीड़ में से एक युवक अचानक आगे आया और ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। हमलावरों ने हरबिंदर सिंह के पेट और सिर में चार गोलियां मारीं, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। वारदात में उनके चचेरे भाई जर्मनजीत सिंह भी घायल हो गए, जिन्हें पेट में गोली लगी है। उन्हें अमृतसर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
सूचना मिलते ही एसएसपी सुरिंदर लांबा सहित पुलिस बल मौके पर पहुंचा। पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है और आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और आरोपियों की तलाश जारी है।





