कपूरथला की भुलत्थ विधानसभा सीट से कांग्रेस विधायक सुखपाल सिंह खैरा के घर से जुड़े कथित अवैध निर्माण पर प्रशासन ने कार्रवाई करते हुए बुलडोजर चलाया। पुलिस ने घर के पास गली में लगाए गए गेट का पिलर गिरा दिया, जिससे रामगढ़ गांव में सुबह-सुबह तनाव का माहौल बन गया।
मौके पर विधायक खैरा मौजूद थे। उनकी अपील के बाद बड़ी संख्या में समर्थक घर के बाहर जमा हो गए और सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। खैरा ने आरोप लगाया कि बिना नोटिस और सुनवाई के यह कार्रवाई की जा रही है तथा इसे राजनीतिक बदले की भावना से जोड़ा। वहीं प्रशासनिक सूत्रों के अनुसार, कार्रवाई घर पर नहीं बल्कि उससे जुड़े कथित अवैध निर्माण पर की गई। सुरक्षा के मद्देनज़र एसएसपी गौरव तूरा की अगुवाई में भारी पुलिस बल तैनात किया गया।





