चंडीगढ़ में एक महिला की मौत को पहले प्राकृतिक मौत बताकर दबाने की कोशिश की गई, लेकिन पड़ोसी के बयान और पुलिस जांच ने पूरा मामला पलट दिया। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और एमएलसी में हत्या के संकेत मिलने के बाद पुलिस ने जांच तेज की। पूछताछ में बयानों में विरोधाभास सामने आने पर खुलासा हुआ कि पति ने मां-बाप के साथ मिलकर पत्नी की हत्या की। पुलिस ने पति, सास और ससुर को गिरफ्तार कर लिया। मृतका प्रतिमा की शादी दो साल पहले हुई थी और उसकी 10 महीने की बेटी है। शुरुआती दौर में मायके पक्ष ने भी कोई आरोप नहीं लगाया था, लेकिन मेडिकल रिपोर्ट के बाद मामला हत्या में बदल गया।





