चंडीगढ़ के सेक्टर-9 में प्रॉपर्टी डीलर चमनप्रीत सिंह उर्फ चिन्नी कुबाहेड़ी की दिनदहाड़े हत्या के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए मास्टरमाइंड एडीजीपी की भाभी अमरीन राय को गिरफ्तार कर लिया है। प्रॉपर्टी विवाद और आर्थिक नुकसान के चलते अमरीन ने गैंगस्टर लकी पाटियाल के जरिए कॉन्ट्रैक्ट किलिंग की साजिश रची।
जांच में सामने आया कि मोहाली के हर्षप्रीत सिंह ने दोनों के बीच संपर्क करवाया। पुलिस ने उसके पास से विदेशी पिस्टल बरामद की, जो अमरीन के नाम पर रजिस्टर्ड थी। वारदात को अंजाम देने के लिए शूटरों ने पहले रेकी की और फिर जिम के बाहर चमनप्रीत पर ताबड़तोड़ गोलियां चलाकर फरार हो गए। पुलिस अब पूरे नेटवर्क की जांच में जुटी है।





