जालंधर में शनिवार तड़के न्यू गोपाल नगर स्थित गाजी गुल्ला रोड पर चलते-चलते एक स्कूटी में अचानक आग लग गई। देखते ही देखते स्कूटी पूरी तरह जलकर खाक हो गई। गनीमत रही कि स्कूटी सवार युवक राहुल कुमार, जो बस्ती बावा खेल की मधुबन कॉलोनी का निवासी है, समय रहते स्कूटी से उतर गया और उसकी जान बच गई।
घटना स्थल पर प्रकाश आइसक्रीम के पास आधे घंटे तक अफरा-तफरी का माहौल बना रहा। लोगों ने अपने स्तर पर आग बुझाने की कोशिश की, लेकिन लपटें इतनी तेज थीं कि कोई पास नहीं जा सका। सूचना मिलने पर फायर ब्रिगेड ने मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पाया। पुलिस मामले की जांच कर रही है कि स्कूटी में आग लगने की वजह क्या थी।





