दिल्ली के लाल किला मेट्रो स्टेशन के पास हुए ब्लास्ट के बाद पंजाब में रेड अलर्ट जारी कर दिया गया है। चंडीगढ़ और हिमाचल में भी सुरक्षा बढ़ा दी गई है। हिमाचल के DGP अशोक तिवारी ने बॉर्डर इलाकों में पुलिस को चौकसी बढ़ाने और संदिग्ध वाहनों व लोगों पर कड़ी नजर रखने के निर्देश दिए हैं। प्रमुख मंदिरों और शक्तिपीठों की सुरक्षा भी कड़ी कर दी गई है।
अकाली दल प्रमुख सुखबीर सिंह बादल ने कहा कि इस घिनौनी वारदात के दोषियों को जल्द कड़ी सजा मिलनी चाहिए। वहीं सांसद हरसिमरत कौर बादल ने कहा कि आतंकी मंसूबों का डटकर मुकाबला किया जाना चाहिए। कांग्रेस सांसद सुखजिंदर सिंह रंधावा ने घटना पर दुख जताते हुए पीड़ित परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की।





