जालंधर में दिल्ली-नेशनल हाईवे पर चहेड़ू पुल के पास देर रात करीब 1 बजे बड़ा सड़क हादसा हो गया। एक कार डिवाइडर से टकराकर पलट गई और उसमें आग लग गई, जिससे हाईवे पर ट्रैफिक धीमा पड़ गया। इसी दौरान तेज गति से आ रही एमजी हेक्टर ने आगे चल रही गाड़ी को टक्कर मार दी। टक्कर के बाद पीछे से एक बाइक भी गाड़ियों में जा भिड़ी।
बाइक सवार लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी (LPU) के एक छात्र की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरा छात्र घायल है। हादसे में कुल 6 लोग घायल हुए हैं। आसपास के लोगों और पुलिस ने कार में फंसे महिला और बच्चे को सुरक्षित बाहर निकाला। दमकल विभाग ने पहुंचकर आग पर काबू पाया। पुलिस के मुताबिक हादसा तेज रफ्तार और कम दृश्यता के कारण हुआ।





