जालंधर के खुर्दपुर गांव में होशियारपुर–जालंधर रोड पर देर रात घनी धुंध के कारण एक कार अधूरे पुल के निर्माण के लिए खोदे गए गड्ढे में जा गिरी। हादसे में कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई, लेकिन राहत की बात यह रही कि चालक की जान बच गई।
जानकारी के मुताबिक गांव खुर्दपुर में पुल का काम कई सालों से अधूरा पड़ा है और सड़क के बीच पिलरों के लिए गहरे गड्ढे बने हुए हैं। घनी धुंध के कारण चालक को गड्ढा नजर नहीं आया और कार सीधे उसमें जा गिरी।
स्थानीय लोगों ने बताया कि चालक रोज इसी रास्ते से आता-जाता है, लेकिन धुंध इतनी ज्यादा थी कि गड्ढे का अंदाजा नहीं लग सका। कार की रफ्तार कम होने के बावजूद वह पलट गई। मौके पर मौजूद लोगों ने तुरंत चालक को बाहर निकाला। लोगों का कहना है कि अगर कार की स्पीड ज्यादा होती तो बड़ा हादसा हो सकता था।





