जालंधर के PPR मार्केट में उस समय अफरा-तफरी मच गई जब जीएसटी विभाग की टीम एक दफ्तर में रेड करने पहुंची। कार्रवाई के दौरान हालात इतने तनावपूर्ण हो गए कि वहां तैनात बाउंसरों ने कथित तौर पर जीएसटी अधिकारियों को दफ्तर के अंदर ही रोक लिया और बाहर से शटर गिरा दिया।
सरकारी कर्मचारियों को बंधक बनाए जाने की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और कार्रवाई कर अधिकारियों को बाहर निकाला। देर रात तक मामले में एफआईआर दर्ज करने की प्रक्रिया जारी रही और इलाके में तनाव का माहौल बना रहा।
जानकारी के अनुसार, सोमवार (16 फरवरी) शाम जीएसटी टीम ‘मेजर रियल स्टेट्स’ नामक कार्यालय में नियमित जांच के लिए पहुंची थी। बताया जा रहा है कि यह दफ्तर एक स्थानीय कांग्रेस नेता से जुड़ा है। दस्तावेजों की जांच शुरू होते ही वहां मौजूद बाउंसरों और कर्मचारियों ने विरोध शुरू कर दिया। आरोप है कि एक स्थानीय नेता के इशारे पर अधिकारियों के साथ बदसलूकी की गई और उन्हें कमरे में बंद कर शटर गिरा दिया गया। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।





