पंजाब में भ्रष्टाचार के खिलाफ चल रही कार्रवाई के तहत जालंधर में विजिलेंस टीम ने बड़ी कार्रवाई की है। विजिलेंस ने जालंधर के थाना नंबर-2 में तैनात एएसआई गोपाल को रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया।
जानकारी के मुताबिक, एएसआई गोपाल पर आरोप है कि वह एक व्यक्ति का काम करवाने के बदले 10 हजार रुपये की रिश्वत मांग रहा था। इसकी शिकायत मिलने के बाद विजिलेंस टीम ने जाल बिछाया और आरोपी अधिकारी को 8 हजार रुपये की पहली किस्त लेते हुए काबू कर लिया।
इस मामले की पुष्टि करते हुए एसएसपी हरप्रीत सिंह मंडेर ने बताया कि शिकायत के आधार पर टीम ने पूरी योजना बनाकर कार्रवाई की और आरोपी को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया। फिलहाल विजिलेंस टीम आरोपी से पूछताछ कर रही है और आगे की जांच जारी है।





