पंजाब की राजनीति में एक बड़ा घटनाक्रम सामने आ रहा है। साल 2027 में होने वाले विधानसभा चुनाव से पहले भारतीय जनता पार्टी (BJP) और शिरोमणि अकाली दल (SAD) एक बार फिर साथ आएंगे।
जानकारी के मुताबिक, दोपहर करीब 1 बजे दिल्ली स्थित बीजेपी मुख्यालय में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन और शिरोमणि अकाली दल के अध्यक्ष सुखबीर सिंह बादल मीडिया को संबोधित करेंगे। इस संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस में गठबंधन का औपचारिक ऐलान किए जाने की संभावना है।
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, दोनों दलों के बीच पिछले कई दिनों से गठबंधन और सीटों के बंटवारे को लेकर बातचीत चल रही थी। इस बार बीजेपी पंजाब विधानसभा की 117 सीटों में से पहले के मुकाबले अधिक सीटों पर चुनाव लड़ने की मांग कर सकती है। हालांकि, सीटों के बंटवारे का अंतिम फॉर्मूला अभी आधिकारिक तौर पर सामने नहीं आया है।
अगर गठबंधन का औपचारिक ऐलान होता है, तो 2027 के विधानसभा चुनाव में आम आदमी पार्टी, कांग्रेस, बीजेपी और अकाली दल के बीच राजनीतिक मुकाबले के समीकरण बदल सकते हैं। फिलहाल सभी की नजरें दिल्ली में होने वाली संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस पर टिकी हैं, जहां गठबंधन और सीटों के बंटवारे को लेकर स्थिति स्पष्ट होने की उम्मीद है।





