पंजाब सरकार के मंत्री संजीव अरोड़ा के ठिकानों पर ED ने बड़ी कार्रवाई करते हुए चंडीगढ़, दिल्ली और गुरुग्राम समेत 4 जगहों पर रेड की। चंडीगढ़ स्थित सरकारी आवास पर सुबह ED की कई टीमें पहुंचीं और बाहर CRPF जवान तैनात कर दिए गए।
ED सूत्रों के मुताबिक जांच में सामने आया है कि अरोड़ा की कंपनी ने 100 करोड़ रुपए से ज्यादा की फर्जी GST खरीद दिखाकर मनी लॉन्ड्रिंग की। जांच एजेंसी का दावा है कि फर्जी ITC, GST रिफंड और ड्यूटी ड्रॉबैक लेने के लिए दिल्ली की फर्जी फर्मों से नकली बिल तैयार किए गए।
इस कार्रवाई के बाद पंजाब की AAP सरकार ने केंद्र पर निशाना साधा। CM भगवंत मान ने कहा कि भाजपा ED का इस्तेमाल कर विपक्ष को दबाने की कोशिश कर रही है, लेकिन पंजाब कभी झुकेगा नहीं। बता दें कि करीब 20 दिन पहले भी संजीव अरोड़ा और उनके सहयोगियों के ठिकानों पर ED ने छापेमारी की थी।





