होशियारपुर के खुरालगढ़ जंगल में सूटकेस से 14 वर्षीय लड़की का जला हुआ शव मिलने के मामले में पुलिस ने बड़ा खुलासा किया है। जांच में सामने आया कि मृतका की हत्या उसकी मां के लिव-इन पार्टनर ने की थी। आरोपी ने पूछताछ में कबूल किया कि उसे लड़की का लड़कों से मिलना-जुलना पसंद नहीं था। इसी बात को लेकर दोनों के बीच अक्सर विवाद होता था।
पुलिस के अनुसार, लड़की आरोपी और उसकी मां के रिश्ते की बात लोगों को बताने की धमकी देती थी। इससे नाराज होकर आरोपी ने पहले उसका गला घोंटकर हत्या की और फिर शव को सूटकेस में डालकर खुरालगढ़ के जंगल में ले जाकर जला दिया।
सीसीटीवी फुटेज और जांच के आधार पर पुलिस ने आरोपी गुरविंदर सिंह को गिरफ्तार कर लिया है। बताया जा रहा है कि वह पिछले दो साल से मृतका की मां के साथ लिव-इन रिलेशनशिप में रह रहा था। पुलिस मामले की आगे जांच कर रही है।





