होशियारपुर में साढ़े 3 साल का बच्चा खेलते समय 300 फीट गहरे बोरवेल में गिर गया। घटना शाम करीब 4 बजे की बताई जा रही है। सूत्रों के मुताबिक बच्चा करीब 90 फीट नीचे फंसा है, हालांकि DC आशिका जैन ने कहा कि बच्चा 10 से 20 फीट की गहराई पर हो सकता है। कैमरे में बच्चे की हलचल दिखाई दी है और वह लगातार रो रहा है। मौके पर NDRF, SDRF, फायर ब्रिगेड, डॉक्टरों की टीम और प्रशासनिक अधिकारी राहत कार्य में जुटे हैं।
परिवार के अनुसार 15 दिन पहले ही बोरवेल करवाया गया था और पाइप डालने के बाद आसपास की खुदाई पूरी तरह नहीं भरी गई थी। इसी दौरान बच्चा खेलते-खेलते वहां पहुंच गया। प्रशासन ने रेस्क्यू के लिए 4 जेसीबी मशीनें लगाई हैं और समानांतर गड्ढा खोदकर बच्चे तक पहुंचने की कोशिश जारी है।





