लुधियाना: खन्ना पुलिस ने एक ऐसे सनसनीखेज मामले का पर्दाफाश किया है, जिसने पूरे इलाके को हिलाकर रख दिया है। 6 मई 2026 को गुरुद्वारा कटाणा साहिब, दोराहा के पास जंगल क्षेत्र से लापता हुए 14 वर्षीय दिव्यांग बच्चे के शव को तालाब से बरामद करने के बाद पुलिस ने करीब एक महीने की कड़ी जांच के बाद इस ब्लाइंड मर्डर को सुलझा लिया है।
आरोपी मन्नी कुमार ने पहले दिव्यांग बच्चे के साथ कुकर्म किया, उसके बाद उसे तालाब में डुबोकर उसकी हत्या कर दी। प्रारंभिक जांच में जहां हत्या का मामला दर्ज किया गया था, वहीं पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में कुकर्म की पुष्टि होने के बाद पॉक्सो एक्ट की धाराएं भी जोड़ी गईं।
खन्ना SP पवनजीत चौधरी ने बताया कि आरोपी की पहचान दोराहा के जेलदार मोहल्ला निवासी मन्नी कुमार (उम्र 35) के रूप में हुई है। पुलिस ने उसे संगरूर की एक फैक्ट्री से गिरफ्तार किया, जहां वह छिपकर काम कर रहा था।
पुलिस के अनुसार, आरोपी अविवाहित है और नशे का आदी है। वह कम उम्र के बच्चों और बुजुर्गों को अपना निशाना बनाता था। फिलहाल पुलिस उससे पूछताछ कर रही है ताकि पता लगाया जा सके कि वह अन्य किसी अपराध में भी शामिल तो नहीं है।





