हिमाचल प्रदेश के कुल्लू जिले के मणिकर्ण में मंगलवार को बड़ा हादसा टल गया। गुरुद्वारा साहिब में दर्शन करने के बाद पंजाब से आए एक परिवार के 3 सदस्य पार्वती नदी किनारे सेल्फी ले रहे थे। इसी दौरान उनका संतुलन बिगड़ गया और वे तेज बहाव की चपेट में आ गए।
मौके पर मौजूद लोगों ने तुरंत बचाव कार्य शुरू किया। दो पर्यटक खुद ही किनारे तक पहुंच गए, जबकि तीसरे व्यक्ति को रेस्क्यू टीम ने सुरक्षित बाहर निकाल लिया। तीनों की हालत सामान्य बताई जा रही है।
घटना के बाद पुलिस ने पर्यटकों से अपील की है कि वे नदियों और तेज बहाव वाले क्षेत्रों से सुरक्षित दूरी बनाए रखें तथा फोटो-वीडियो बनाते समय किसी भी तरह का जोखिम न उठाएं।





