जालंधर देहात पुलिस को बड़ी कामयाबी मिली है। पुलिस ने ATM लूट की कोशिश करने वाले 3 सदस्यों के गैंग को गिरफ्तार किया है। हैरानी की बात यह है कि पकड़े गए आरोपी पेशे से ड्राइवर हैं, जो अलग-अलग इलाकों में घूमकर ऐसे ATM तलाशते थे जहां सिक्योरिटी गार्ड मौजूद नहीं होता था।
पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपियों ने भोगपुर के यूको बैंक और किशनगढ़ के SBI ATM को निशाना बनाया था। वारदात के बाद पुलिस ने स्पेशल टीम बनाकर तकनीकी जांच शुरू की और आखिरकार कमलजीत सिंह, गुरप्रीत सिंह और हरप्रीत सिंह को दबोच लिया।
गिरफ्तारी के दौरान पुलिस ने आरोपियों की गाड़ी, ATM तोड़ने वाले कटर और अन्य औजार भी बरामद किए हैं। SSP हरविंदर सिंह विर्क के मुताबिक आरोपी पहले कई दिनों तक इलाके की रेकी करते थे और फिर देर रात वारदात को अंजाम देते थे। फिलहाल तीनों आरोपियों को रिमांड पर लेकर पूछताछ जारी है। पुलिस अब इनके पुराने रिकॉर्ड और अन्य वारदातों की भी जांच कर रही है।





