जालंधर ब्लास्ट मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने मुख्य आरोपी मुनीर खान और उसके साथी अनिल शर्मा को गिरफ्तार कर लिया है। जांच में सामने आया कि इस धमाके का मास्टरमाइंड पाकिस्तान में बैठा गैंगस्टर शहजाद भट्टी है, जिसने इंस्टाग्राम के जरिए मुनीर खान से संपर्क किया था। भट्टी ने उसे जिहाद के नाम पर भड़काया और धमाका करने के बदले एक लाख रुपए देने का लालच दिया।
पूछताछ में मुनीर खान ने बताया कि उसने सोशल मीडिया से बम की टाइमिंग सेट करना सीखा था। घटना वाले दिन वह कार से पीएपी चौक पहुंचा और पैदल जाकर बम रख दिया। उसने 8 मिनट का टाइमर सेट किया और मौके से फरार हो गया। पुलिस ने बस अड्डे से लेकर पीएपी चौक तक 150 से ज्यादा CCTV कैमरों की जांच की, जिसके बाद आरोपियों का सुराग जीरकपुर तक पहुंचा।
इस मामले में गिरफ्तार दूसरा आरोपी अनिल शर्मा उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर का रहने वाला है। अनिल ने दावा किया कि वह सुरक्षा एजेंसियों को इनपुट देता था और उसने पहले ही धमाके की जानकारी अधिकारियों तक पहुंचा दी थी। वहीं जांच में सामने आया कि धमाके के समय वह मौके पर मौजूद था और वीडियो बनाकर पाकिस्तान में बैठे शहजाद भट्टी को लाइव भेज रहा था। फिलहाल पुलिस पूरे आतंकी नेटवर्क और इसके पीछे जुड़े लोगों की जांच में जुटी हुई है।





