भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने जालंधर शहरी इकाई में संगठनात्मक ढांचे को मजबूत करने की दिशा में अहम फैसला लेते हुए वरिष्ठ भाजपा नेता प्रदीप खुल्लर को जालन्धर बस्ती पीरदाद मंडल का अध्यक्ष नियुक्त किया है। जबकि अन्य पदाधिकारियों की भी नियुक्तियां की गई हैं। पार्टी द्वारा जारी प्रेस नोट के अनुसार यह नियुक्ति तत्काल प्रभाव से लागू कर दी गई है।
भाजपा नेतृत्व ने आगामी पंजाब विधानसभा चुनाव 2027 को ध्यान में रखते हुए संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने की रणनीति के तहत यह जिम्मेदारी सौंपी है। पार्टी को उम्मीद है कि प्रदीप खुल्लर के नेतृत्व में संगठन को और मजबूती मिलेगी तथा कार्यकर्ताओं को नई ऊर्जा प्राप्त होगी।
नियुक्ति के बाद प्रदीप खुल्लर ने भाजपा हाईकमान और जिला नेतृत्व का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि वे पार्टी द्वारा दिए गए विश्वास पर पूरी तरह खरा उतरने का प्रयास करेंगे। उन्होंने कहा कि उनका लक्ष्य संगठन को जमीनी स्तर पर और मजबूत करना तथा अधिक से अधिक लोगों को भाजपा की नीतियों से जोड़ना रहेगा।
राजनीतिक जानकारों का मानना है कि 2027 के चुनावों से पहले भाजपा संगठन में किए जा रहे बदलाव पार्टी की चुनावी तैयारियों का हिस्सा हैं और प्रदीप खुल्लर की नियुक्ति को इसी रणनीति का महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।





