जालंधर: शहर में फायरिंग की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं। दोपहर को लम्मा पिंड चौक के पास स्थित BMS Fashion शोरूम के बाहर मोटरसाइकिल सवार बदमाशों द्वारा फायरिंग किए जाने के बाद अब देर रात जालंधर वेस्ट के दशमेश नगर इलाके से भी गोलीबारी की खबर सामने आई है।
जानकारी के अनुसार, देर रात कुछ अज्ञात हमलावरों ने एक युवक पर ताबड़तोड़ गोलियां चला दीं। इस दौरान युवक को 2 गोलियां लगने की सूचना है, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत घायल युवक को इलाज के लिए जालंधर के सिविल अस्पताल पहुंचाया, जहां उसका उपचार जारी है।
घटना की सूचना मिलते ही संबंधित थाना पुलिस और ए.सी.पी. मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने इलाके को घेरकर जांच शुरू कर दी है। वहीं, हमलावरों की पहचान और वारदात के कारणों का पता लगाने के लिए आसपास लगे सी.सी.टी.वी. कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है।
फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है और यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि इस फायरिंग के पीछे पुरानी रंजिश, गैंगवार या कोई अन्य कारण है। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल बना हुआ है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा। मामले से जुड़ी अन्य जानकारी सामने आते ही अपडेट साझा की जाएगी।





