हिमाचल प्रदेश के कुल्लू जिले में हुए एक दर्दनाक सड़क हादसे में जालंधर के रामामंडी निवासी पिता-बेटी की मौत हो गई, जबकि परिवार के 3 अन्य सदस्य घायल हो गए। मृतकों की पहचान 45 वर्षीय परमिंदर सिंह और उनकी 19 वर्षीय बेटी निधि के रूप में हुई है।
जानकारी के अनुसार, परिवार घूमने के लिए मणिकर्ण घाटी गया हुआ था। इसी दौरान सरसाड़ी क्षेत्र में उनकी कार अनियंत्रित होकर करीब 50 फीट गहरी खाई में जा गिरी। हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने तुरंत रेस्क्यू अभियान चलाकर घायलों को अस्पताल पहुंचाया।
अस्पताल में डॉक्टरों ने परमिंदर सिंह और निधि को मृत घोषित कर दिया, जबकि परिवार के तीन अन्य सदस्य, जिनमें एक 8 वर्षीय बच्ची भी शामिल है, उपचाराधीन हैं। हादसे के बाद रामामंडी क्षेत्र में शोक की लहर है और पीड़ित परिवार के घर लोगों का तांता लगा हुआ है।





