थाईलैंड के फुकेट से दिल्ली आ रही एयर इंडिया की फ्लाइट AI-2379 उड़ान के दौरान अचानक तेज टर्बुलेंस की चपेट में आ गई। विमान में उस समय कुल 134 यात्री सवार थे। हवा में आए जोरदार झटकों के कारण यात्रियों में कुछ देर के लिए अफरा-तफरी मच गई और कई लोग अपनी सीटों से उछल गए।
जानकारी के मुताबिक, विमान अपने सफर के अंतिम चरण में था, तभी अचानक मौसम बिगड़ने से तेज हवा और अस्थिर एयर करंट्स के कारण विमान को लगातार झटके लगे। यह स्थिति करीब 2 से 3 मिनट तक बनी रही। हालांकि पायलटों ने सूझबूझ और अनुभव का परिचय देते हुए विमान को पूरी तरह नियंत्रित रखा और दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर सुरक्षित लैंडिंग कराई।
इस घटना में 10 यात्रियों और 4 क्रू मेंबर्स को मामूली चोटें आईं। लैंडिंग के तुरंत बाद एयर इंडिया की मेडिकल टीम ने सभी घायलों की जांच की और एहतियात के तौर पर उन्हें एयरपोर्ट स्थित मेदांता मेडिकल सेंटर भेजा गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी स्थिति सामान्य बताई गई।
एयर इंडिया के प्रवक्ता ने कहा कि यात्रियों और क्रू की सुरक्षा कंपनी की सर्वोच्च प्राथमिकता है। सभी प्रभावित लोगों को आवश्यक सहायता उपलब्ध कराई गई है और घटना की जांच के लिए संबंधित अधिकारियों के साथ पूरा सहयोग किया जा रहा है।
टर्बुलेंस क्या होता है?
टर्बुलेंस वह स्थिति होती है जब विमान हवा के अस्थिर या अनियमित प्रवाह से गुजरता है। ऐसे समय विमान में अचानक झटके महसूस होते हैं और वह कुछ क्षणों के लिए ऊपर-नीचे या दाएं-बाएं हिल सकता है। विशेषज्ञों के अनुसार यह विमानन का सामान्य हिस्सा है और आधुनिक विमानों को ऐसे हालात का सामना करने के लिए ही डिजाइन किया जाता है। इसलिए टर्बुलेंस के दौरान यात्रियों को घबराने की बजाय अपनी सीट बेल्ट बांधकर बैठे रहने की सलाह दी जाती है।





