पठानकोट के एक युवक की कनाडा में गोली मारकर हत्या का मामला सामने आया है। मृतक की पहचान 24 वर्षीय हरजस सिंह के रूप में हुई है।
जानकारी के मुताबिक, हरजस सिंह रोजगार की तलाश में कुछ महीने पहले अमेरिका गया था, जहां वह एक स्टोर में काम करता था। बताया जा रहा है कि हरजस किसी पार्टी में शामिल होने के लिए कनाडा के कैलगरी पहुंचा था।
इसी दौरान कॉर्नरस्टोन बुलेवर्ड के 1100 ब्लॉक में अज्ञात व्यक्ति ने हरजस पर गोली चला दी। गोली लगने से उसकी मौत हो गई।
हरजस की मौत की खबर जैसे ही पठानकोट के सुंदर नगर स्थित उसके परिवार को मिली, घर में मातम छा गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
वहीं, स्थानीय लोगों और रिश्तेदारों ने सरकार से अपील की है कि हरजस का पार्थिव शरीर जल्द से जल्द भारत लाने के लिए परिवार को प्रशासनिक और हरसंभव मदद मुहैया कराई जाए।





