लुधियाना में आम आदमी पार्टी की महिला विधायक का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है… दावा है कि ट्रक को साइड न मिलने पर विधायक भड़क गईं और ड्राइवर के साथ हाथापाई की। घटना डाबा रोड की बताई जा रही है। विधायक की गाड़ी के आगे एक ट्रक खड़ा था और पीछे से ड्राइवर लगातार हूटर बजा रहा था।
लेकिन जब ट्रक आगे नहीं बढ़ा, तो विधायक राजिंदरपाल कौर छीना खुद गाड़ी से नीचे उतर गईं। विधायक के साथ उनके गनमैन भी थे। इसके बाद वह सीधे ट्रक के पास पहुंचीं और ड्राइवर को नीचे उतरने के लिए कहा।
वायरल वीडियो में विधायक ड्राइवर को ट्रक से नीचे उतारती हुई दिखाई दे रही हैं। इसके बाद ड्राइवर को थप्पड़ मारने का दावा किया जा रहा है। ड्राइवर का आरोप है कि वह अचानक हुई इस कार्रवाई से सहम गया और विधायक से अपनी गलती पूछने लगा।
घटना की खबर ट्रक ड्राइवर के साथियों तक पहुंची तो उन्होंने विरोध शुरू कर दिया। ड्राइवरों ने विधायक के खिलाफ धरना लगाकर पुलिस से FIR दर्ज करने की मांग की। मामले ने राजनीतिक रंग भी ले लिया। पूर्व केंद्रीय मंत्री रवनीत सिंह बिट्टू ने AAP सरकार को घेरते हुए विधायक पर निशाना साधा।
बिट्टू ने कहा कि गरीब ट्रक ड्राइवर पर हाथ उठाना सत्ता के अहंकार और शर्मनाक गुंडागर्दी का सबूत है। हालांकि विधायक राजिंदरपाल कौर छीना ने ड्राइवर को थप्पड़ मारने से इनकार किया है। उनका कहना है कि उन्होंने ड्राइवर के हाथ से सिर्फ ट्रक की चाबी छीनी थी।
राजिंदरपाल कौर छीना लुधियाना से आम आदमी पार्टी की विधायक हैं और 2022 में पहली बार विधानसभा चुनाव जीतकर विधायक बनी थीं। फिलहाल इस पूरे मामले का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल है और अब सबकी नजर पुलिस की कार्रवाई पर है।





