पंजाब में विधानसभा चुनाव से पहले आम आदमी पार्टी को बड़ा राजनीतिक झटका लगा है। पार्टी के तीन मौजूदा विधायकों ने AAP से नाता तोड़कर भारतीय जनता पार्टी का दामन थाम लिया है। भाजपा में शामिल होने वालों में अमृतसर नॉर्थ के विधायक कुंवर विजय प्रताप सिंह, समाना के विधायक चेतन सिंह जौड़ामाजरा और सनौर के विधायक हरमीत सिंह पठानमाजरा के नाम शामिल हैं।
भाजपा में शामिल होने के बाद कुंवर विजय प्रताप सिंह ने पंजाब सरकार पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि राज्य में गैंगस्टरों का प्रभाव बढ़ गया है और गैंगस्टर सरकार का हिस्सा बन चुके हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि पंजाब में फिरौती का कारोबार एक इंडस्ट्री की तरह चल रहा है।
तीनों विधायकों ने पिछले दो दिनों के भीतर आम आदमी पार्टी से इस्तीफा दिया है। रविवार को चेतन सिंह जौड़ामाजरा और हरमीत सिंह पठानमाजरा ने पार्टी छोड़ी थी, जबकि सोमवार को कुंवर विजय प्रताप सिंह ने भी AAP से इस्तीफा दे दिया। कुंवर ने विधानसभा की सदस्यता से भी इस्तीफा सौंप दिया है।





