जालंधर देहात के थाना मकसूदां के अंतर्गत आने वाली मंड चौकी के इलाके से देर रात एक सनसनीखेज घटना सामने आई है। गांव संगत सोहल में कुछ प्रवासी व्यक्तियों के बीच हुए आपसी विवाद ने गंभीर रूप ले लिया। इस दौरान एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसकी बाद में मौत हो गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार बीती देर रात गांव संगत सोहल में कुछ प्रवासी व्यक्तियों के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया और उसकी जान चली गई।
सूत्रों के मुताबिक, इस घटना को हत्या के मामले से जोड़कर देखा जा रहा है। हालांकि, पुलिस की ओर से अभी तक हत्या की आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है। घटना के बाद मृतक के शव को जालंधर के सिविल अस्पताल की मोर्चरी में रखवा दिया गया। अस्पताल प्रशासन की ओर से इस संबंध में मंड चौकी के इंचार्ज राजकुमार को सूचना दी गई।
वहीं, पुलिस का कहना है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। फिलहाल यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि व्यक्ति की मौत हत्या के कारण हुई है या फिर यह कोई आकस्मिक घटना है। सूत्रों से यह भी जानकारी मिली है कि पुलिस ने इस मामले में एक व्यक्ति को पूछताछ के लिए राउंडअप किया है। अब थाना मकसूदां की पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है। फिलहाल पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच के बाद ही मौत के असली कारणों का खुलासा हो सकेगा।





