pb8 live news : पंजाब कैडर के 1992 बैच के आईएएस अधिकारी केएपी सिन्हा ने वीरवार को राज्य के 43वें मुख्य सचिव के रूप में पदभार संभाल लिया हैं। उन्होंने आज यह नई जिम्मेदारी पंजाब सिविल सचिवालय में वरिष्ठ सिविल अधिकारियों की उपस्थिति में ग्रहण की। सिन्हा को मुख्य सचिव के वर्तमान पद के साथ प्रमुख सचिव (कार्मिक), सामान्य प्रशासन और सतर्कता विभाग का अतिरिक्त प्रभार भी सौंपा गया है।नए मुख्य सचिव के रूप में पदभार ग्रहण करने के बाद सिन्हा ने कहा कि उन्हें विभिन्न पदों और विभागों में सेवा करते हुए पंजाब राज्य और यहां के लोगों से अपार प्रेम और सम्मान मिला है। उन्होंने कहा कि आज इस नए पद को संभालते हुए वह इस विश्वास को दोहराते हैं कि अब यह उनके लिए पंजाब की भलाई के लिए पूरी लगन और निष्ठा से सेवा करने का समय है, ताकि वह इस प्यार का ऋण चुकता कर सकें।
सिन्हा ने कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व में राज्य सरकार का उद्देश्य राज्य के सर्वांगीण विकास को प्राथमिकता देना है और राज्यवासियों को साफ-सुथरी एवं पारदर्शी नागरिक सेवाएं उपलब्ध कराना जारी रहेगा। सरकार द्वारा शुरू की गई लोक कल्याणकारी योजनाओं को जमीनी स्तर पर और अधिक प्रभावशाली ढंग से लागू किया जाएगा।





