शिरोमणि अकाली दल के अध्यक्ष सुखबीर सिंह बादल पर महाराष्ट्र के नांदेड़ में हमला करने की कोशिश का मामला सामने आया है। बताया जा रहा है कि सुखबीर बादल ऐतिहासिक गुरुद्वारा साहिब में माथा टेकने पहुंचे थे। जैसे ही वह अपनी गाड़ी से उतरकर गुरुद्वारे के अंदर जाने लगे, तभी एक व्यक्ति ने उन पर हमला करने की कोशिश की।
हालांकि, मौके पर मौजूद सुरक्षा कर्मियों ने तुरंत कार्रवाई करते हुए हमले की कोशिश को नाकाम कर दिया। इस दौरान सुखबीर बादल के हाथ में चोट लगने की जानकारी सामने आई है। उन्हें इलाज के लिए निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
घटना के वक्त सुखबीर बादल के परिवार के सदस्य भी उनके साथ मौजूद थे। नांदेड़ का ऐतिहासिक गुरुद्वारा साहिब सिख श्रद्धालुओं की आस्था का प्रमुख केंद्र है, जहां पंजाब समेत देशभर से बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचते हैं।
फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और हमले की कोशिश के पीछे की वजह का पता लगाया जा रहा है।





