अमृतसर के प्रताप नगर में श्री अकाल तख्त साहिब के पूर्व जत्थेदार ज्ञानी रघबीर सिंह की रिहायश के बाहर देर रात फायरिंग की घटना सामने आई है। उनकी सुरक्षा में तैनात कर्मचारियों की सरकारी स्कॉर्पियो के बोनट पर गोली लगी मिली। घटना रात करीब 11 बजे की बताई जा रही है।
उस वक्त ज्ञानी रघबीर सिंह घर के अंदर मौजूद थे। पुलिस को मौके से गोली का खोल भी मिला है। प्रारंभिक जांच में आशंका है कि किसी अज्ञात व्यक्ति ने हवाई फायर किया, जिसके बाद गोली नीचे आकर सरकारी गाड़ी पर जा लगी। पुलिस ने जांच शुरू कर दी है और फायरिंग की वजह व आरोपी का पता लगाने में जुटी है। घटना के बाद आसपास के इलाके में भी दहशत का माहौल बन गया।





