जालंधर वेस्ट में एक बार फिर कानून-व्यवस्था को चुनौती देने वाली वारदात सामने आई है। अमन नगर में गाड़ी पार्क करने को लेकर पड़ोसियों के बीच कहासुनी हो गई, जो देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गई। इस दौरान एक पक्ष ने दूसरे पक्ष पर फायरिंग कर दी। पीठ पर गोली लगने से युवक जख्मी हो गया।
घटना में घायल युवक मीत ने आरोप लगाया कि इलाके के ही रहने वाले प्रिंस ने अपने साथियों के साथ उस पर हमला किया और गोलियां भी चलाईं। मीत के मुताबिक, गोली उसकी पीठ में लगी। सूचना मिलते ही थाना भार्गव कैंप की पुलिस मौके पर पहुंची और घायल युवक को तुरंत इलाज के लिए अस्पताल भिजवाया गया।
वहीं, दूसरे पक्ष ने फायरिंग की घटना से साफ इनकार किया है। उन्होंने कहा है कि गोली नहीं चली और ना ही प्रिंस के पास कोई हथियार है। उल्टा मीत ने ही तेजधार हथियारों से उनपर हमला किया है। जिससे प्रिंस घायल हो गया इस वक्त प्रिंस को मेडिकल के लिए सिविल अस्पताल लेकर जाया गया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी भी घटनास्थल पर पहुंचे और पूरे घटनाक्रम की जांच शुरू कर दी गई है। फिलहाल पुलिस की ओर से कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है। अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो पाएगी और उसी के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।





