चंडीगढ़ के सेक्टर-9 में प्रॉपर्टी डीलर चमनप्रीत नागरा उर्फ चीनी की हत्या करने वाले दोनों आरोपियों को हरियाणा के कैथल में मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया गया। यह कार्रवाई पंजाब एंटी गैंगस्टर टास्क फोर्स (AGTF) ने की।
गिरफ्तारी के दौरान आरोपियों ने पुलिस पर फायरिंग की, जवाबी कार्रवाई में दोनों घायल हो गए। पुलिस ने इनके कब्जे से वारदात में इस्तेमाल बाइक और तीन पिस्तौल बरामद की हैं।
आरोपियों की पहचान राजन उर्फ पीयूष पहलवान (फिरोजपुर) और प्रीतम शाह (नवांशहर) के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक राजन हाल ही में मलेशिया से नेपाल के रास्ते अवैध तरीके से भारत लौटा था। दोनों पर पहले से कई केस दर्ज हैं। आरोपियों से पूछताछ जारी है और जल्द ही मामले में और खुलासे हो सकते हैं।





