जालंधर के रामा मंडी इलाके में ATM फ्रॉड का एक चालाकी भरा मामला सामने आया है। एक महिला अपने परिवार के साथ HDFC बैंक के ATM से पैसे निकालने पहुंची, लेकिन कार्ड डालने के बाद न तो कैश निकला और न ही कार्ड बाहर आया। मशीन पर चिपकाए गए एक नकली हेल्पलाइन नंबर के जरिए ठगों ने उन्हें अपने जाल में फंसा लिया। आसपास मौजूद कुछ युवकों ने खुद को मददगार दिखाते हुए उसी नंबर पर कॉल करवाया और बातचीत के दौरान उनका पिन जान लिया।
कुछ ही देर बाद पीड़ित के मोबाइल पर खाते से पैसे निकलने के मैसेज आने लगे। ठगों ने कार्ड का गलत इस्तेमाल करते हुए कई बार पैसे निकाल लिए और मौके से फरार हो गए। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है। CCTV फुटेज खंगाली जा रही है और आरोपियों की पहचान कर सख्त कार्रवाई की तैयारी की जा रही है।





