पंजाब में ED रेड के खिलाफ आम आदमी पार्टी के प्रदर्शन के दौरान नवांशहर के बलाचौर में माहौल तनावपूर्ण हो गया। बंगा से AAP विधायक डॉ. सुखविंदर सुक्खी और भाजपा जिला प्रधान राजविंदर लक्की के बीच तीखी बहस हाथापाई तक पहुंच गई। घटना उस समय हुई जब लक्की अपने दफ्तर से AAP के प्रदर्शन की लाइव वीडियो बना रहे थे। आरोप है कि इसी दौरान विधायक सुक्खी ने उनका मोबाइल छीनने की कोशिश की, जिसका वीडियो भी सामने आया है।
भाजपा नेता राजविंदर लक्की ने दावा किया कि उन्होंने प्रदर्शनकारियों का स्वागत करते हुए चाय-पानी तक ऑफर किया था, लेकिन बाद में AAP कार्यकर्ता उनके दफ्तर में घुस आए और माइक-स्पीकर उठाने लगे। विरोध करने पर बहस बढ़ गई और करीब 10 मिनट तक हंगामा चलता रहा। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर दोनों पक्षों को शांत कराया। मामले को लेकर भाजपा नेताओं ने AAP पर गुंडागर्दी के आरोप लगाए हैं। भाजपा प्रधान सुनील जाखड़ और केंद्रीय मंत्री रवनीत बिट्टू ने भी सोशल मीडिया पर घटना की निंदा की, जबकि भाजपा के कार्यकारी प्रधान अश्वनी शर्मा ने नवांशहर पहुंचकर शिकायत देने की बात कही।





