जालंधर: भगवान वाल्मीकि आश्रम, शक्ति नगर में स्थापित वाल्मीकि वेल्फेयर ट्रस्ट (रजि.) को सर्वसम्मति से भंग कर दिया गया है। यह जानकारी ट्रस्ट के कार्यकारी चेयरमैन विपन सभरवाल ने दी। उन्होंने बताया कि ट्रस्ट के संविधान के अनुसार प्रत्येक पांच वर्ष बाद चुनाव करवाए जाते हैं, जिन्हें जालंधर प्रशासन की देखरेख में पूरी पारदर्शिता और जिम्मेदारी के साथ संपन्न कराया जाता है।
विपन सभरवाल ने बताया कि पिछले करीब 25 वर्षों से वाल्मीकि मज़हबी सिख वेल्फेयर ट्रस्ट चुनाव प्रक्रिया को सुचारु रूप से संपन्न कराने में सहयोग करता आ रहा है।
उन्होंने बताया कि ट्रस्ट के चेयरमैन पद के लिए नामांकन दाखिल करने की तिथि 1 अगस्त निर्धारित की गई है। इच्छुक उम्मीदवार सुबह 11 बजे से दोपहर 1 बजे तक अपने नामांकन पत्र जमा कर सकेंगे। वहीं 3 अगस्त को शाम 4 बजे से 6 बजे तक नामांकन वापस लिए जा सकेंगे।
9 अगस्त को सुबह 8 बजे से शाम 5 बजे तक भगवान वाल्मीकि आश्रम, शक्ति नगर में मतदान होगा। मतदान समाप्त होने के तुरंत बाद मतगणना कर नए चेयरमैन के नाम की घोषणा कर दी जाएगी।
इस अवसर पर भगवान वाल्मीकि आश्रम शक्ति नगर से जुड़े अली मोहल्ला, ब्रांडरथ रोड मोहल्ला, इस्लामगंज, छोटा अली मोहल्ला, गली रैयां वाली और गली गिला वाली सहित विभिन्न क्षेत्रों के बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे। चुनाव को लेकर समाज में उत्साह का माहौल देखने को मिला।





