देशभर में पेट्रोल-डीजल की कीमतों में बड़ा इजाफा किया गया है। सरकारी तेल कंपनियों ने शुक्रवार सुबह नई दरें जारी कीं, जिसके बाद पेट्रोल ₹3.14 प्रति लीटर महंगा होकर ₹97.77 तक पहुंच गया, जबकि डीजल ₹3.11 बढ़कर ₹90.67 प्रति लीटर हो गया है। नई कीमतें शुक्रवार रात से लागू कर दी गई हैं।
करीब चार साल बाद तेल की खुदरा कीमतों में बदलाव देखने को मिला है। इससे पहले केंद्रीय पेट्रोलियम मंत्री Hardeep Singh Puri ने भी संकेत दिए थे कि जल्द ही तेल के दाम बढ़ सकते हैं। उनके बयान के बाद से ही कीमतों में बढ़ोतरी की चर्चा तेज हो गई थी।
तेल कंपनियों का कहना है कि अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतें बढ़ने से उन्हें भारी नुकसान उठाना पड़ रहा था। कंपनियों के मुताबिक रोजाना लगभग 1,000 करोड़ रुपये का घाटा हो रहा था। वहीं पेट्रोलियम मंत्री ने चेतावनी दी थी कि अगर दाम नहीं बढ़ाए गए तो एक तिमाही में नुकसान 1 लाख करोड़ रुपये से ज्यादा हो सकता है। हालांकि अब जो बढ़ोतरी की गई है, उसे कंपनियों के घाटे के मुकाबले अभी भी कम माना जा रहा है।





