कनाडा की टोरंटो साउथ डिटेंशन सेंटर में तैनात जालंधर मूल की महिला जेल अधिकारी निशवंत कौर दोसांझ पर एक पंजाबी कैदी से कथित निजी रिश्ते रखने के गंभीर आरोप लगे हैं। जांच के अनुसार उन्होंने अपनी ड्यूटी उसी ब्लॉक में लगवाई जहां कैदी गुरप्रीत सिंह बंद था। दोनों के बीच जेल के आधिकारिक फोन के अलावा कथित अवैध मोबाइल से भी संपर्क होने का दावा किया गया है। जांच में यह भी आरोप है कि कैदी ने महिला अधिकारी को महंगे गिफ्ट, कॉस्मेटिक सर्जरी और विदेश यात्राओं का खर्च उठाया।
मामला तब सामने आया जब एक वरिष्ठ जेल अधिकारी की हत्या की कथित साजिश की जांच शुरू हुई। पुलिस का आरोप है कि महिला अधिकारी ने वरिष्ठ अधिकारी की कार की नंबर प्लेट की फोटो कैदी तक पहुंचाई, जिसके आधार पर उसकी पहचान कर साजिश रची गई। 3 जुलाई को अदालत की अनुमति के बाद सार्वजनिक हुए 563 पन्नों के जांच दस्तावेजों में ये खुलासे सामने आए हैं। फिलहाल मामला अदालत में विचाराधीन है, महिला अधिकारी पेड लीव पर हैं और कैदी जेल में बंद है।





