पंजाब में 27 अगस्त को होने वाली बसों की हड़ताल फिलहाल टल गई है। पंजाब रोडवेज, पनबस और पीआरटीसी कॉन्ट्रैक्ट वर्कर्स यूनियन की ट्रांसपोर्ट मंत्री हरपाल सिंह चीमा के साथ हुई बैठक में कई मांगों पर सहमति बनी।
यूनियन प्रधान रेशम सिंह ने बताया कि सरकार ने मांगों पर कार्रवाई के लिए समय मांगा है। अब अगली बैठक 6 सितंबर को होगी। रक्षाबंधन को देखते हुए यूनियन ने 27 अगस्त की हड़ताल वापस लेने का फैसला किया है।
बैठक में कच्चे कर्मचारियों को पक्का करने, बराबर काम-बराबर वेतन, आउटसोर्स कर्मचारियों को रेगुलर करने और कर्मचारियों पर दर्ज मामलों को रद्द करने जैसे मुद्दों पर चर्चा हुई।
यूनियन के मुताबिक नई बसें भी अगले दो महीनों में सड़कों पर उतारने की तैयारी है। अगर 6 सितंबर तक मांगों पर ठोस कार्रवाई नहीं हुई, तो यूनियन आगे की रणनीति तय करेगी।





