पंजाब विधानसभा चुनाव को लेकर आम आदमी पार्टी ने अपनी चुनावी तैयारियां तेज कर दी हैं। पार्टी ने दिल्ली में 40 उम्मीदवारों की पहली सूची जारी कर दी है। इस लिस्ट में मुख्यमंत्री भगवंत मान समेत कई बड़े चेहरों को दोबारा चुनावी मैदान में उतारा गया है।
मुख्यमंत्री भगवंत मान एक बार फिर अपने पारंपरिक विधानसभा क्षेत्र धूरी से चुनाव लड़ेंगे। वहीं, जेल में बंद मंत्री संजीव अरोड़ा पर भी पार्टी ने भरोसा जताया है। उन्हें लुधियाना वेस्ट विधानसभा सीट से दोबारा टिकट दिया गया है।

वहीं, इस पहली सूची में पंजाब के वित्त मंत्री हरपाल चीमा का नाम शामिल नहीं है। संगरूर के तूरबंजारा में गुलजार से जुड़े सुसाइड केस को लेकर उन पर सवाल उठे थे। हालांकि, पार्टी की ओर से उनका नाम शामिल न किए जाने को लेकर कोई स्पष्ट वजह सामने नहीं आई है।
खास बात यह है कि आम आदमी पार्टी ने अपनी पहली सूची में सभी मौजूदा विधायकों को दोबारा टिकट दिया है। उम्मीदवारों की सूची जारी करते हुए मुख्यमंत्री भगवंत मान ने बताया कि PAC की बैठक में प्रत्याशियों के नामों पर चर्चा की गई थी। लोगों के बीच कराए गए सर्वे के आधार पर जिन उम्मीदवारों के पक्ष में सकारात्मक प्रतिक्रिया मिली, उनके नामों को प्राथमिकता दी गई।
अब 40 उम्मीदवारों की पहली सूची जारी होने के बाद पंजाब की सियासत में चुनावी हलचल तेज हो गई है। देखना होगा कि AAP की यह रणनीति आगामी विधानसभा चुनाव में पार्टी के लिए कितनी फायदेमंद साबित होती है।





