जालंधर में कुकी ढाबा के पास स्थित पंजाब नेशनल बैंक में हुई दिनदहाड़े लूट मामले का पुलिस ने 24 घंटे के अंदर खुलासा कर दिया है। पुलिस कमिश्नर धनप्रीत कौर के मुताबिक गिरफ्तार आरोपी की पहचान सिमरजीत सिंह उर्फ अमरिक सिंह पुत्र हरभजन सिंह निवासी 577 ग्रीन मॉडल टाउन, थाना डिवीजन नंबर 6 के रूप में हुई है, जो पूर्व डीएसपी का बेटा है। आरोपी ने अपने साथी के साथ मिलकर बैंक में गन पॉइंट पर लूट की वारदात को अंजाम दिया था।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से रिवॉल्वर, 3 राउंड और कुछ नगदी बरामद की है, जबकि उसका साथी अभी फरार है, जिसकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है। आरोपी को अदालत में पेश कर पुलिस रिमांड लिया जाएगा और पूछताछ के दौरान बाकी रकम बरामद की जाएगी।
शुरुआती जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी नशे का आदी है और नशे की पूर्ति के लिए उसने इस वारदात को अंजाम दिया। वारदात की सीसीटीवी फुटेज भी सामने आई है, जिसमें दोनों आरोपी कैशियर को पिस्तौल दिखाकर नगदी लूटते हुए नजर आ रहे हैं।





