जालंधर के काला सिंघा रोड स्थित एक रद्दी और कबाड़ के गोदाम में अचानक भीषण आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और घना धुआं आसमान में दूर-दूर तक फैल गया। जिससे कि इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
मौके पर सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की करीब 5 गाड़ियां पहुंचीं और आग पर काबू पाने की कोशिशें लगातार जारी हैं। हालांकि तेज हवाओं के चलते आग तेजी से फैलती जा रही है, जिससे राहत कार्य में मुश्किलें आ रही हैं। बताया जा रहा है कि इस गोदाम में कबाड़ और रद्दी को साफ करने का काम होता था। फिलहाल आग लगने के कारणों का कोई स्पष्ट पता नहीं चल पाया है।
आग की लपटों और धुएं से आसपास के रिहायशी इलाकों में दहशत का माहौल बन गया। एक नजदीकी घर को नुकसान पहुंचने की भी खबर सामने आई है। वहीं स्थानीय लोगों ने सूझबूझ दिखाते हुए गोदाम में रखे गैस सिलेंडरों को बाहर निकाल लिया, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया। प्रशासन और फायर टीम हालात पर नजर बनाए हुए हैं और आग बुझाने के लिए लगातार प्रयास जारी हैं।





